मोदी ने कहा कि अमरावती एक ऐसा शहर बनने जा रहा है, जहाँ आंध्र प्रदेश के युवाओं की आकांक्षाएँ हकीकत में बदल जाएँगी। आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, हरित ऊर्जा, टिकाऊ उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा पर ध्यान केंद्रित करते हुए, अमरावती आने वाले वर्षों में इन क्षेत्रों में एक अग्रणी केंद्र के रूप में उभरने के लिए तैयार है। केंद्र सरकार इन क्षेत्रों में विकास और वृद्धि को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार को सभी आवश्यक सहायता और बुनियादी ढाँचा प्रदान कर रही है।
मोदी ने कहा कि जब मैं गुजरात का नव-निर्वाचित मुख्यमंत्री था, तो मैं हैदराबाद में चंद्रबाबू नायडू द्वारा की जा रही पहलों पर बहुत बारीकी से नजर रख रहा था। मैंने बहुत कुछ सीखा और आज मुझे उन्हें लागू करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि एनटीआर गारु ने एक जीवंत और विकसित आंध्र प्रदेश की कल्पना की थी। आइए हम सब मिलकर अमरावती और आंध्र प्रदेश को राष्ट्र के लिए अग्रणी विकास इंजन में बदलने का प्रयास करें। एनटीआर गारु के पोषित सपने को पूरा करना हमारी जिम्मेदारी है।प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत ने अपने भौतिक, डिजिटल और सामाजिक बुनियादी ढांचे के विकास पर काफी जोर दिया है, जिससे यह इस मामले में सबसे तेजी से आधुनिक हो रहे देशों में से एक बन गया है। आंध्र प्रदेश, विशेष रूप से इस प्रगति का प्रमुख लाभार्थी रहा है। आज, राज्य में हजारों करोड़ रुपये की रेल और सड़क परियोजनाओं का शुभारंभ हुआ, जिससे इसके बुनियादी ढांचे के विकास को और बढ़ावा मिला। उन्होंने कहा कि अमरावती इंद्रलोक की राजधानी है और यह महज संयोग नहीं है कि अमरावती आंध्र प्रदेश की राजधानी है। यह स्वर्ण आंध्र की स्थापना का प्रतीक है। स्वर्ण आंध्र, विकसित भारत के मार्ग को सशक्त करेगा और अमरावती स्वर्ण आंध्र के विजन को सशक्त करेगा।
![]()
