![]()
आरबीआई की डिप्टी गवर्नर डॉ. पूनम गुप्ता: वर्ल्ड बैंक-IMF में किया काम
दिल्ली का शालीमार बाग यूं तो यहां की वर्तमान विधायक और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की वजह से हाल-फिलहाल सुर्खियों में रहा, लेकिन यहीं से ताल्लुक रखने वाली डॉ. पूनम गुप्ता ने इसे एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। भारत के सबसे पुराने और सबसे बड़े स्वतंत्र, गैर-लाभकारी व आर्थिक नीति अनुसंधान थिंक टैंक नेशनल काउंसिल ऑफ एप्लाइड इकनॉमिक रिसर्च (एनसीएईआर) की पहली महिला महानिदेशक रहीं डॉ. पूनम गुप्ता को हाल ही में केंद्र सरकार ने भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) का डिप्टी गवर्नर (डीजी) नियुक्त किया है। केंद्रीय बैंक के 90 वर्ष के इतिहास में इस महत्वपूर्ण ओहदे पर पहुंचने वाली डॉ. पूनम गुप्ता चौथी महिला डीजी होंगी।तीन दशक से अधिक समय से आर्थिक क्षेत्र में अध्ययन से लेकर शोध, अध्यापन और नीति निर्माण में अहम योगदान देने वाली डॉ. पूनम गुप्ता देश-दुनिया के आर्थिक मामलों की विशेषज्ञ हैं, खासकर भारत और चीन के संबंध में। उन्होंने मौद्रिक नीति और महंगाई नियंत्रण पर गहन अध्ययन किया है। जहां डॉ. पूनम गुप्ता ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से लेकर अमेरिका की मैरीलैंड यूनिवर्सिटी में अध्ययन और अध्यापन किया है, तो आईएमएफ और विश्व बैंक जैसी वैश्विक नामचीन संस्थाओं में भी काम कर चुकी हैं। वह भारत के प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (ईएसी), वित्त आयोग और नीति आयोग में भी अपना योगदान दे चुकीं हैं।
