पहाड़पुर में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को दी गई बैंकिंग एवं वित्तीय साक्षरता की जानकारी

पिहानी (हरदोई)। ब्लॉक पिहानी की ग्राम पंचायत पहाड़पुर में स्वयं सहायता समूह एसएचजी की महिलाओं के लिए बैंकिंग एवं वित्तीय साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल भुगतान, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, सुरक्षित बैंकिंग तथा साइबर सुरक्षा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में क्रिसिल फाउंडेशन की ओर से पिहानी ब्लॉक की फील्ड कोऑर्डिनेटर कुमारी अर्चना देवी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को नियमित बचत, समय पर ऋण अदायगी, बैंक से बेहतर समन्वय, सुरक्षित डिजिटल लेनदेन तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को साइबर धोखाधड़ी से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड अथवा बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें। साथ ही डिजिटल भुगतान करते समय विशेष सावधानी बरतने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। महिलाओं ने कार्यक्रम में रुचि लेते हुए बैंकिंग एवं वित्तीय प्रबंधन से जुड़े विषयों की जानकारी प्राप्त की तथा अपने प्रश्नों के समाधान भी कराए।

Loading

Related posts