अशोक कुमार/जिला हरदोई
कोथावां, हरदोई। क्रिसिल फाउंडेशन द्वारा संचालित मनी वाइज वित्तीय साक्षरता केंद्र के अंतर्गत वित्तीय साक्षरता केंद्र (सीएफएल) कोथावां में आज वित्तीय साक्षरता एवं वित्तीय समावेशन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में भारतीय रिजर्व बैंक के सहायक प्रबंधक श्री शुभम पाण्डेय ने प्रतिभाग कर ग्रामीणों एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सुरक्षित एवं सुदृढ़ वित्तीय भविष्य के लिए महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को बैंकिंग सेवाओं, बचत, बीमा, पेंशन, डिजिटल बैंकिंग, ग्राहक अधिकार तथा सरकारी वित्तीय योजनाओं से जोड़ते हुए उन्हें आर्थिक रूप से जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाना रहा।
शिविर में प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि छोटी-छोटी बचत को नियमित रूप से अपनाकर तथा उपयुक्त बीमा एवं पेंशन योजनाओं से जुड़कर परिवार को भविष्य की आर्थिक चुनौतियों से अधिक सुरक्षित बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर केवाईसी एवं पुनः केवाईसी, नामांकन, बैंक खाते की सुरक्षा, एटीएम एवं डिजिटल लेन-देन में सावधानी, यूपीआई के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर धोखाधड़ी से बचाव के उपायों पर भी विशेष रूप से जागरूक किया गया। ग्रामीणों को सलाह दी गई कि वे अपना ओटीपी, एटीएम पिन, यूपीआई पिन, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें तथा संदिग्ध संदेश, फोन कॉल अथवा लिंक से सावधान रहें।
भारतीय रिजर्व बैंक के सहायक प्रबंधक श्री शुभम पाण्डेय ने वित्तीय साक्षरता को प्रत्येक परिवार की आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए ग्रामीणों को उपलब्ध बैंकिंग एवं सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं का समझदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में शुभम पाण्डेय सहायक प्रबंधक भारतीय रिजर्व बैंक अनुपम तिवारी, क्षमता निर्माण अधिकारी (सीबीओ), क्रिसिल फाउंडेशन प्रद्युम्न श्रीवास्तव, केंद्र प्रबंधक, सीएफएल कोथावां राजवीर वर्मा, फील्ड कोर्डिनेटर , हरियावां/सीएफएल कोथावां, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को यह संदेश दिया गया कि वित्तीय जागरूकता केवल बैंक खाता खोलने तक सीमित नहीं है, बल्कि बचत, बीमा, पेंशन, सुरक्षित डिजिटल लेन-देन, सही निवेश, सरकारी योजनाओं का लाभ और अपने वित्तीय अधिकारों की जानकारी प्राप्त करना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है।
क्रिसिल फाउंडेशन का मनी वाइज वित्तीय साक्षरता परियोजना ग्रामीण समुदाय को वित्तीय रूप से जागरूक, सुरक्षित एवं सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।
![]()
