अत्यधिक वर्षा के बीच सुचारू रेल संचलन के लिये पूर्वोत्तर रेलवे पूरी तरह सक्रिय

भारी वर्षा के मद्देनजर पूर्वोत्तर रेलवे पूरी तरह मुस्तैद

गोरखपुर, 27 सितम्बर, 2026: पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन अत्यधिक वर्षा एवं चक्रवाती तेज हवाओं के कारण उत्पन्न चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच रेल संचलन को संरक्षित, सुरक्षित एवं सुचारु बनाये रखने के लिये निरन्तर प्रयासरत है। इसी क्रम में, महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे श्री उदय बोरवणकर द्वारा मुख्यालय, गोरखपुर स्थित वॉर रूम (नियंत्रण कक्ष) से ट्रेनों के परिचालन एवं विभिन्न रेल खंडों की स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है तथा मंडल रेल प्रबन्धकों से स्थिति का जायजा लेते हुये उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिये जा रहे हैं। महाप्रबन्धक श्री उदय बोरवणकर ने विषम मौसम परिस्थितियों में लगातार दिन-रात ड्यूटी पर तैनात रेल कर्मियों के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं सेवाभाव की सराहना की। उन्होंने सभी रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुये पूर्ण सतर्कता, सावधानी एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिये हैं।

पूर्वोत्तर रेलवे के सभी प्रमुख रेल खंडों पर रेलवे ट्रैक एवं पुल, ओ.एच.ई., सिगनल एवं दूरसंचार व्यवस्था, स्टेशनों तथा अन्य महत्वपूर्ण रेल परिसम्पत्तियों की निरन्तर मॉनिटरिंग की जा रही है। इस चुनौतीपूर्ण परिस्थिति से निपटने के लिये विभिन्न विभागों के रेल अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ लगातार कार्यरत हैं। संवेदनशील स्थलों पर मॉनिटरिंग बढ़ा दी गई है तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्यवाही हेतु सम्बन्धित विभागों की टीमें बनाई गई हैं। जल-भराव वाले क्षेत्रों में विशेष मानसून पेट्रोलिंग टीमों को तैनात किया गया है तथा जल निकासी हेतु अतिरिक्त पम्पों की व्यवस्था की गई है। इंजीनियरिंग, सिगनल एवं दूरसंचार, विद्युत, परिचालन सहित अन्य सम्बन्धित विभागों के रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा चौबीस घंटे रेलवे ट्रैक की निगरानी, मिट्टी कटाव रोकने हेतु बोल्डर पैकिंग, ड्रेनेज की सफाई आदि का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।

रेल प्रशासन यात्रियों एवं आमजन से अपील करता है कि प्रतिकूल मौसम एवं अत्यधिक वर्षा को देखते हुये अनावश्यक रूप से रेलवे पुलों, रेलवे ट्रैक एवं ट्रैक के आसपास तथा अन्य संवेदनशील रेलवे परिक्षेत्र में न जायें। पूर्वोत्तर रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुये विषम मौसम में भी निर्बाध रेल संचलन के लिये प्रतिबद्ध है।

Loading

Related posts