भारतीय रेल के साथ पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्यालय, गोरखपुर एवं तीनों मंडलों पर 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर, 2026
तक ‘‘स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत‘‘ थीम के अंतर्गत ‘स्वच्छता ही सेवा‘ अभियान का
आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में, अभियान के तीसरे दिन 19 सितम्बर, 2026 को स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों
(सी.टी.यू.)/कचरा संवेदनशील स्थल (जी.पी.वी.) के रूपांतरण हेतु बृहद कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
वाराणसी मंडल के एप्रोच रोड, यार्ड, कॉलोनियों एवं रेलवे ट्रैक के किनारे स्थित कचरा संवेदनशील स्थल
(जी.पी.वी.)/स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों (सी.टी.यू.) की पहचान कर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। चिह्नित
स्थलों से कचरे की सफाई कर उन्हें स्वच्छ, सुंदर एवं कचरा मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया गया। मंडल
के विभिन्न स्टेशनों, रेल परिसरों, कॉलोनियों तथा अन्य स्थलों पर रेल कर्मचारियों एवं सफाई मित्रों ने सामूहिक
श्रमदान किया। साथ ही विभिन्न स्टेशनों पर नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया एवं जागरूकता रैली निकाली गई।
रेलवे कॉलोनियों में डोर-टू-डोर स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया।
लखनऊ मंडल के विभिन्न स्टेशनों, कॉलोनियों, चिकित्सालयों, कोचिंग डिपो इत्यादि में स्वच्छता एवं पर्यावरण
संरक्षण के प्रति रेल यात्रियों एवं कर्मचारियों तथा आमजनों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से
विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये, जिसमें स्वच्छता बनाये रखने, कचरे का उचित निस्तारण एवं पर्यावरण को
स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया।
इसी क्रम में, इज्जतनगर मंडल के विभिन्न स्थलों पर कचरा संवेदनशील स्थल (जी.पी.वी.)/स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों
(सी.टी.यू.) की पहचान कर स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिससे रेल परिसरों में स्वच्छ वातावरण के साथ-साथ
स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी एवं जागरूकता सुनिश्चित की जा सके। मंडल के विभिन्न स्टेशनों, रेल परिसरों,
कॉलोनियों आदि में रेल कर्मचारियों एवं सफाई मित्रों ने सामूहिक श्रमदान किया।
![]()
