जिलाधिकारी की प्रेरणा से प्राथमिक विद्यालय खरहरा में आयोजित हुआ ‘तिथि भोजन’ कार्यक्रम

बच्चों के साथ जन्मदिन की खुशियां साझा कर दिया सामुदायिक सहभागिता एवं सामाजिक सरोकार का संदेश

रायबरेली-25 अगस्त 2026,
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में जनपद के परिषदीय विद्यालयों में सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने तथा बच्चों के साथ विशेष अवसरों की खुशियां साझा करने के उद्देश्य से ‘तिथि भोजन’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विकास खण्ड शिवगढ़ के प्राथमिक विद्यालय खरहरा में मंगलवार को ‘तिथि भोजन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक आशीष कुमार द्वारा अपने पुत्र के जन्मदिवस के अवसर पर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं को स्वादिष्ट, पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन कराया गया। बच्चों को पूरी, सब्जी, खीर एवं फल परोसे गए। स्वादिष्ट भोजन पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने उत्साहपूर्वक जन्मदिन की खुशियों में सहभागिता की।
जिलाधिकारी की इस पहल का उद्देश्य विद्यालयों में सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के साथ ही बच्चों को अपनत्व, समानता एवं सामाजिक सरोकार की भावना से जोड़ना है। ‘तिथि भोजन’ के माध्यम से अभिभावक, शिक्षक एवं समाज के अन्य लोग बच्चों के विशेष अवसरों को उनके साथ साझा कर विद्यालय से अपने जुड़ाव को और मजबूत कर रहे हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा जिलाधिकारी की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा की। उपस्थित लोगों ने प्रधानाध्यापक आशीष कुमार के पुत्र को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जिलाधिकारी की प्रेरणा से संचालित यह पहल विद्यालयों में सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने और बच्चों के बीच खुशी एवं अपनत्व का वातावरण सृजित करने की दिशा में प्रभावी कदम साबित हो रही है।

Loading

Related posts