‘मुख्यमंत्री वापस जाओ’ पोस्टर मामले में सपा नेता गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत

रायबरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रायबरेली दौरे से कुछ घंटे पहले शहर में लगाए गए ‘मुख्यमंत्री वापस जाओ’ पोस्टरों को लेकर सियासत गरमा गई। मामले में पुलिस ने समाजवादी पार्टी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष शुभम लोहिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।मुख्यमंत्री के दौरे से पहले शहर के कई स्थानों पर ‘मुख्यमंत्री वापस जाओ’ लिखे पोस्टर चस्पा किए गए थे। इसके साथ ही सड़कों पर पर्चे भी बिखरे मिले थे। पोस्टरों और पर्चों के सामने आने के बाद प्रशासन एवं पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।प्रशासन ने तत्काल पोस्टरों को हटवाने के साथ पूरे मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पोस्टर लगवाने के आरोप में सपा छात्र सभा के जिलाध्यक्ष शुभम लोहिया का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।सुनवाई के बाद अदालत ने शुभम लोहिया को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया। पुलिस मामले में पोस्टर लगाने और उससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।मुख्यमंत्री के दौरे से ठीक पहले पोस्टर लगाए जाने की घटना को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई। वहीं, पुलिस और प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल शुभम लोहिया जेल भेजे जा चुके हैं और पोस्टर प्रकरण की जांच जारी है।

Loading

Related posts