अभाविप प्रयागराज ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), प्रयागराज द्वारा राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को मेडिकल चौराहे से सुभाष चौराहे तक 150 मीटर लंबे तिरंगे के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। राष्ट्रगान एवं भारत माता की जय के उद्घोष के साथ प्रारंभ हुई इस यात्रा में बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं युवा सम्मिलित हुए। तिरंगा यात्रा के माध्यम से अभाविप ने युवाओं को राष्ट्र प्रथम की भावना से जोड़ने, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करने तथा विद्यार्थी शक्ति को राष्ट्र निर्माण की सकारात्मक शक्ति के रूप में विकसित करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में अभाविप काशी प्रांत के प्रांत मंत्री शिवम सिंह की विशेष उपस्थिति रही।
अभाविप का मानना है कि भारत का युवा केवल अपने व्यक्तिगत भविष्य का निर्माण करने वाली शक्ति नहीं, बल्कि राष्ट्र के वर्तमान और भविष्य को दिशा देने वाली महत्वपूर्ण शक्ति है। आज जब कुछ संगठन विद्यार्थियों की ऊर्जा को नकारात्मकता, अराजकता एवं समाज को विभाजित करने वाली गतिविधियों की ओर मोड़ने का प्रयास कर रहे हैं, ऐसे समय में अभाविप विद्यार्थियों की ऊर्जा को रचनात्मकता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रहित से जोड़ने का कार्य कर रही है। तिरंगा यात्रा इसी विचार की अभिव्यक्ति है कि युवा शक्ति को राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय चेतना और सामाजिक दायित्व के साथ जोड़कर ही विकसित भारत के निर्माण की मजबूत आधारशिला तैयार की जा सकती है। अपनी 76 वर्षों की गौरवशाली ध्येय यात्रा में अभाविप विद्यार्थियों के हित, अधिकार, शैक्षणिक उन्नयन एवं सर्वांगीण विकास के साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका के लिए प्रेरित करती रही है। अभाविप काशी प्रांत के प्रांत मंत्री शिवम सिंह ने कहा, “वंदे मातरम् केवल एक राष्ट्रीय गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता चेतना, सांस्कृतिक अस्मिता और राष्ट्रभक्ति का जीवंत प्रतीक है। इसके 150 वर्ष पूर्ण होना प्रत्येक देशवासी के लिए गौरव का अवसर है। अभाविप की तिरंगा यात्रा का उद्देश्य युवाओं के मन में राष्ट्र प्रथम की भावना को और अधिक सशक्त करना तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण के प्रति अपने दायित्वों का बोध कराना है। विद्यार्थी शक्ति में राष्ट्र के निर्माण और परिवर्तन की अपार क्षमता है; अभाविप इसी शक्ति को सकारात्मक दिशा देकर राष्ट्रशक्ति में परिणत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।” अभाविप प्रयाग महानगर के महानगर मंत्री प्रतीक मिश्रा ने कहा, “प्रयागराज में निकली यह भव्य तिरंगा यात्रा युवाओं की राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय स्वाभिमान और राष्ट्र के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की अभिव्यक्ति है। तिरंगा हमारे लिए केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। अभाविप विद्यार्थियों को राष्ट्रशक्ति मानते हुए उनमें राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को निरंतर मजबूत कर रही है। ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष हमें अपनी गौरवशाली विरासत से जुड़ने के साथ राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को निभाने की प्रेरणा देते हैं।” इस अवसर पर अभाविप, काशी प्रांत के पूर्व प्रांत मंत्री अतेंद्र सिंह, राष्ट्रीय सह संयोजक शोध कार्य हिमांशु पाण्डेय, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य आंचल सिंह, महानगर अध्यक्ष डॉ. मनीष श्रीवास्तव, विभाग संयोजक प्रशांत सिंह, कौतुक, अभिनव पाण्डेय, समृद्धि प्रिया पाठक, अमन, शांतनु सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, युवा एवं अभाविप कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Loading

Related posts