रायबरेली। रायबरेली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर एक पल की लापरवाही और दूसरे ही पल जीआरपी सिपाही की अद्भुत बहादुरी ने एक महिला की जिंदगी बचा ली। चलती जनता एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच खतरनाक गैप में समाने लगी। ठीक उसी क्षण ड्यूटी पर तैनात जीआरपी कांस्टेबल शिवपूजन चौधरी ने बिना अपनी जान की परवाह किए दौड़ लगाई और महिला को पकड़कर सुरक्षित बाहर खींच लिया। उनकी इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा रेल हादसा टल गया।जानकारी के अनुसार, महिला यात्री जनता एक्सप्रेस के रायबरेली स्टेशन पर रुकने के दौरान सामान खरीदने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतरी थी। इसी बीच ट्रेन ने गति पकड़ ली। ट्रेन छूटती देख महिला ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन उसका पैर फिसल गया और वह सीधे ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच फंसने लगी। यह दृश्य देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों की चीख निकल गई।इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर गश्त कर रहे जीआरपी कांस्टेबल शिवपूजन चौधरी ने असाधारण साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए पलक झपकते ही महिला को अपनी ओर खींच लिया। कुछ सेकंड की देरी महिला की जान पर भारी पड़ सकती थी, लेकिन सिपाही की बहादुरी ने उसे सुरक्षित बचा लिया।पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो सामने आने के बाद जीआरपी जवान की बहादुरी की हर ओर सराहना हो रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि यदि सिपाही ने समय रहते साहस नहीं दिखाया होता तो घटना बेहद दर्दनाक हो सकती थी।जीआरपी थाना प्रभारी एवं पुलिस अधीक्षक (जीआरपी) ने कांस्टेबल शिवपूजन चौधरी की कर्तव्यनिष्ठा, साहस और त्वरित निर्णय क्षमता की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किए जाने की बात कही है।
सुरक्षा संदेश
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास कभी न करें। कुछ क्षणों की जल्दबाजी जीवनभर का पछतावा बन सकती है। रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करना ही सुरक्षित यात्रा की सबसे बड़ी गारंटी है।
![]()
