मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह गुरूवार को संगम सभागार में 09 अगस्त से 17 अगस्त तक मनाये जाने वाले हर घर तिरंगा अभियान कार्यक्रम की तैयारियों के सम्बंध में सम्बंध में बैठक करते हुए उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान कार्यक्रम को उत्सव एवं गौरवपूर्ण ढंग से मनाये जाने हेतु सभी सम्बंधित विभागों केे अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों को हर घर तिरंगा कार्यक्रम के सफल एवं गौरवपूर्ण ढंग से आयोजन के लिए निर्धारित किए गए दायित्वों का पूरी तनमयता के साथ निर्वहन किए जाने का निर्देश दिया है। कहा कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस भी मनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्र प्रेम की भावना को जागृत करते हुए स्वतंत्रता के प्रतीकों के प्रति सम्मान का भाव उजागर करना है।
बैठक में संस्कृति अधिकारी के द्वारा बताया गया कि 09 अगस्त को शहीद चन्द्रशेखर आजाद पार्क के गेट नम्बर-3 पर तिरंगा रैली, तिरंगा प्रदर्शनी, देश भक्ति गीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन, तिरंगा गान एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। 10 अगस्त को शहीद वॉल से चन्द्रशेखर आजाद पार्क के गेट नम्बर-3 तक तिरंगा साईकिल रैली सहित अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। 11 अगस्त को तिरंगा मोटर साइकिल रैली का आयोजन सुभाष चौराहें से चन्द्रशेखर आजाद पार्क गेट नम्बर-3 तक किया जायेगा। 12 अगस्त को प्रबुद्ध नागरिकों द्वारा पैदल तिरंगा रैली का आयोजन हिंदू हॉस्टल के गेट से शहीद चन्द्रशेखर आजाद पार्क के गेट नम्बर-3 तक किया जायेगा। 13 अगस्त को महर्षि भारद्वाज प्रतिमा स्थल से शहीद चन्द्रशेखर आजाद पार्क के गेट नम्बर-3 तक तिरंगा रैली व अन्य कार्यक्रम, 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति पर आधारित प्रदर्शनी का शुभारम्भ शहीद चन्द्रशेखर आजाद पार्क के गेट नम्बर-3 पर, विभाजन विषयक फिल्म व डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रसारण तथा विस्थापित परिवारों के स्मृति में 2 मिनट के मौन एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। 15 अगस्त को ध्वजारोहण सहित अन्य कार्यक्रम, 16 अगस्त को तिरंगा गान एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन तथा 17 अगस्त को देशभक्ति गीत वंदेमातरम् का सामूहिक गायन सहित अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जोयगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने विभिन्न चौराहों पर तिरंगा लाइटिंग लगवाये जाने एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित महापुरूषों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की मूर्तियों की साफ-सफाई एवं आस-पास में चूने का छिड़काव कराये जाने के लिए कहा है। उन्होंने सभी कार्यालयाध्यक्षों को अपने कार्यालयों में तिरंगा लाइटिंग लगाये जाने के लिए कहा है। व्यापारियों से व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं पेट्रोल पम्प मालिको से अपने-अपने प्रतिष्ठानों में तिरंगा लाइटिंग लगाये जाने के लिए कहा है। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी चौराहों पर देशभक्ति से सम्बंधित गीत बजाये जाने के लिए नगर निगम से कहा है। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी को स्कूलों में तिरंगा यात्रा सहित अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किए जाने के लिए कहा है। उन्होंने शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने हेतु नगर निगम एवं जिला पंचायतराज विभाग को कहा है। मुख्य विकास अधिकारी ने प्रत्येक ब्लाकों के ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई का अभियान चलाकर गांव को स्वच्छ बनाये जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायतों में से एक गांव का चयन करते हुए वहां पर विशेष सफाई अभियान चलाये जाने के लिए कहा है। इसके साथ ही उन्होंने मलिन बस्तियों में भी विशेष रूप से साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के लिए कहा है। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों एवं खण्ड विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में श्रमदान व अन्य कार्यक्रम का आयोजन कराये जाने के लिए कहा है। प्रत्येक नागरिक को अपने आवास/स्कूल तथा सरकारी कार्यालयों में झण्डा सम्मान के साथ झण्डा संहिता का अनुपालन करते हुए फहराना/लगाना है। झण्डा फहराते समय सदैव केसरिया रंग की पट्टी झण्डे के ऊपर की तरफ होनी चाहिए। झण्डे को यदि सरकारी अवसर पर फहराया जाता है तो सूर्याेदय के उपरान्त ध्वजारोहण किया जाना चाहिये तथा सूर्यास्त के साथ सम्मान के साथ उतारना चाहिए। निजी आवासों एवं प्रतिष्ठानों पर लगाये जाने वाले झण्डों को उसके बाद आदर भाव के साथ उतार कर रखा जाये। झण्डा उतारने के बाद किसी के भी द्वारा फेंका नहीं जायेगा उसे सम्मान के साथ फोल्ड करके रखा जाना चाहिए। किसी के घर पर झण्डा विधिवत् तरीके पर लगाया जाना चाहिए। आधा झुका, फटा या कटा झण्डा लगाया जाना निषेध होगा। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्रीमती उपमा पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी जी0पी0 कुशवाहा, उपायुक्त श्रम रोजगार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, पाण्डुलिपि अधिकारी श्री गुलाम सरवर, क्षेत्रीय अभिलेखागार अधिकारी श्री राकेश वर्मा, समस्त खण्ड विकास अधिकारी सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
![]()
