लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के प्रथम दिन समाजवादी पार्टी के विधायकों ने विधानसभा परिसर में जनहित के विभिन्न मुद्दों को लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में हरचंदपुर (रायबरेली) के विधायक राहुल लोधी सहित बड़ी संख्या में सपा विधायक शामिल हुए। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदेश में भ्रष्टाचार, पेपर लीक, बेरोज़गारी, किसानों की समस्याओं, बढ़ती महंगाई, बिगड़ती कानून-व्यवस्था तथा धार्मिक स्थलों पर चढ़ावे की चोरी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
सपा विधायकों ने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोज़गारी और किसानों की समस्याओं से जूझ रही है, जबकि सरकार इन मुद्दों पर गंभीरता नहीं दिखा रही है। प्रदर्शन के दौरान विधायकों ने सरकार से जनहित के सवालों का जवाब देने और समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी ने कहा कि विधानसभा जनता की आवाज़ उठाने का सर्वोच्च मंच है और विपक्ष का दायित्व केवल विरोध करना नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूती से आवाज़ बुलंद करना भी है। उन्होंने कहा कि हरचंदपुर की जनता से जुड़े विकास, किसानों, युवाओं और आम नागरिकों के सभी महत्वपूर्ण मुद्दों को विधानसभा में पूरी मजबूती और प्रतिबद्धता के साथ उठाते रहेंगे।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता और जनहित के सवालों से सरकार को भागने नहीं दिया जाएगा। सपा विधायक सदन के भीतर और सड़क पर जनता के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ते रहेंगे।
विधानसभा परिसर में हुए इस प्रदर्शन के दौरान सपा विधायकों ने सरकार से जनसमस्याओं पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि यदि जनता के मुद्दों की अनदेखी जारी रही तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
![]()
