जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय क्रियान्वयन व अनुश्रवण समिति (डी०एल०सी०सी०) की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न विकासपरक एवं स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने तथा महिला एवं युवा वर्ग को आत्मनिर्भर बनाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित होने वाली महिला लाभार्थियों को स्वयं सहायता समूहों से अधिक से अधिक संख्या में जोड़ा जाए, ताकि उन्हें सामूहिक रूप से रोजगार एवं आय के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे विभिन्न उत्पादों को स्थानीय बाजारों के साथ-साथ अन्य उपयुक्त बाजारों में भी उपलब्ध कराने की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे समूह की महिलाओं की आय में वृद्धि हो और उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध हो सके।
उन्होंने समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग एवं विपणन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर समूह की महिलाओं के उत्पादों की बिक्री के लिए उचित प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने को कहा, जिससे महिलाओं को उनके परिश्रम का उचित मूल्य मिल सके और वे आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बन सकें।
बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के अधिक से अधिक युवाओं को योजना के प्रति जागरूक कर उन्हें उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। पात्र युवाओं को योजना की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही उनके आवेदन समयबद्ध रूप से कराए जाएं तथा आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनावश्यक कठिनाई न होने दी जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार तलाशने की बजाय रोजगार सृजित करने वाला बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जाएं।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि समूह की महिलाओं को साक्षरता अभियान से जोड़ते हुए उन्हें साक्षर बनाया जाए, ताकि वे अपने अधिकारों, सरकारी योजनाओं एवं वित्तीय गतिविधियों की जानकारी स्वयं प्राप्त कर सकें तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकें। उन्होंने संबंधित विभागों को योजनाओं के क्रियान्वयन में आपसी समन्वय बनाए रखने तथा पात्र लाभार्थियों को समय से योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, उप निदेशक कृषि हिमांशु पाण्डेय, उपायुक्त उद्योग परमहंस मौर्या, जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर्र रहमान, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संतोष कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी विनय सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर०वी० सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()
