पुलिस के अनुसार 25/26 अप्रैल 2026 की रात रेलवे लाइन के पास स्थित चंपा देवी मंदिर अंडरपास के निकट विद्युत विभाग द्वारा रखी गई 33 केवी लाइन की तीन ड्रम बिजली की केबल चोरी हो गई थी। घटना के बाद विद्युत विभाग की ओर से शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चोरी की गई केबल ट्रकों के माध्यम से मौके से हटाई गई थी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत शहर कोतवाली पुलिस ने त्रिपुला चौराहे के पास से ग्राम हिलगी, थाना हरचंदपुर निवासी संजय पासी पुत्र स्वर्गीय जगजीवन राम को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से चोरी की गई करीब पांच मीटर मोटी बिजली की केबल बरामद हुई। पूछताछ के बाद भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) तथा विद्युत अधिनियम की धारा 136 के तहत कार्रवाई बढ़ाते हुए आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।पुलिस का कहना है कि इस संगठित चोरी में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनके खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच अभी जारी है।पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक संजय पासी के खिलाफ हरचंदपुर और शहर कोतवाली सहित विभिन्न थानों में चोरी, मारपीट, आपराधिक षड्यंत्र समेत कई मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। इससे पहले भी हरचंदपुर थाना पुलिस उन्हें एक अन्य मामले में गंभीर धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है।गिरफ्तारी के बाद जिले में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है क्योंकि आरोपी सार्वजनिक रूप से स्वयं को भाजपा का नेता बताता रहा है।
![]()
