प्रयागराज 28 जुलाई 2026।
शहर के समग्र एवं आधुनिक विकास को गति देने के उद्देश्य से महापौर गणेश केसरवानी ने स्मार्ट सिटी प्रयागराज लिमिटेड द्वारा संचालित निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं एवं विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति, वित्तीय एवं तकनीकी पक्ष, कार्यों की गुणवत्ता तथा निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्मार्ट सिटी प्रयागराज के अंतर्गत संचालित सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं को सितंबर 2026 के अंतिम सप्ताह तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी परियोजना में अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा प्रत्येक कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरा होना चाहिए।
महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि स्मार्ट सिटी मिशन के माध्यम से प्रयागराज को आधुनिक, सुविधासंपन्न, तकनीक-सक्षम एवं नागरिक हितैषी शहर के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से शहर की आधारभूत संरचना सुदृढ़ होगी, नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा प्रयागराज की पहचान एक आधुनिक एवं विकसित नगर के रूप में और अधिक मजबूत होगी।
समीक्षा बैठक में स्मार्ट सिटी के अंतर्गत निर्माणाधीन प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति पर विशेष चर्चा की गई। इनमें कल्चरल कॉम्प्लेक्स (सांस्कृतिक परिसर), मेयो हॉल के निकट निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, राजकीय शिशु प्रशिक्षण महिला महाविद्यालय परिसर में डिजिटल लाइब्रेरी एवं रीडिंग सेंटर (सिविल एवं विद्युत कार्य सहित) तथा सीनियर सिटिजन केयर सेंटर (वरिष्ठ नागरिक देखभाल केंद्र) शामिल हैं। इन सभी परियोजनाओं का निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है तथा इन्हें सितंबर 2026 के अंतिम सप्ताह तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी परियोजना में तकनीकी, प्रशासनिक अथवा अन्य किसी प्रकार की बाधा आती है तो उसका तत्काल समाधान किया जाए, जिससे कार्यों की गति प्रभावित न हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं।
उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी की योजनाएं केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनका उद्देश्य शहरवासियों को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ निर्वहन करें, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुंच सके। महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि प्रयागराज निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है और स्मार्ट सिटी की ये परियोजनाएं शहर के भविष्य की मजबूत आधारशिला सिद्ध होंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सितंबर के अंतिम सप्ताह की समय-सीमा को सर्वोच्च प्राथमिकता मानते हुए सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं को पूर्ण किया जाए तथा कार्यों की गुणवत्ता एवं उपयोगिता सुनिश्चित की जाए। बैठक में राघवेन्द्रनाथ मिश्रा (फाइनेंस एंड अकाउंट मैनेजर), पलक शर्मा (कंपनी सेक्रेटरी), नीरज गुप्ता (असिस्टेंट मैनेजर), सौरव शुक्ला (इलेक्ट्रिकल इंजीनियर), नमन पांडे (आईटी एग्जीक्यूटिव) एवं अभिजीत राज निगम (सपोर्ट इंजीनियर) सहित स्मार्ट सिटी प्रयागराज लिमिटेड के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के लिए अपनी कार्ययोजना से महापौर को अवगत कराया। बैठक के अंत में महापौर ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी अधिकारी समन्वय एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए सितंबर 2026 के अंतिम सप्ताह तक स्मार्ट सिटी की सभी प्रमुख निर्माणाधीन परियोजनाओं को पूर्ण करेंगे, जिससे प्रयागराज के नागरिकों को आधुनिक शहरी सुविधाओं का लाभ मिलेगा और शहर स्मार्ट, सुव्यवस्थित एवं विकासशील नगर के रूप में नई पहचान स्थापित करेगा।
![]()
