इलाहाबाद विश्वविद्यालय में सीटों की कटौती, फीस वृद्धि एवं मूलभूत सुविधाओं को लेकर अभाविप ने सौंपा ज्ञापन।

अभाविप, इलाहाबाद विश्वविद्यालय इकाई के कार्यकर्ताओं द्वारा विद्यार्थियों से जुड़ी शैक्षणिक, आर्थिक एवं मूलभूत समस्याओं के समाधान को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष विभिन्न मांगें रखी। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. आशीष खरे को ज्ञापन सौंपकर अभाविप ने स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रमों में पूर्व में की गई सीटों की कटौती को पुनः बहाल करने तथा फीस में की गई अत्यधिक वृद्धि को वापस लेकर उसे विद्यार्थियों की आर्थिक स्थिति के अनुरूप किफायती बनाने की मांग की। इकाई अध्यक्ष हिमांशु पाण्डेय ने कहा कि सीमित सीटों और बढ़ी हुई फीस के कारण बड़ी संख्या में योग्य विद्यार्थी उच्च शिक्षा से वंचित हो रहे हैं। पीजीएटी-2026 का परिणाम एवं कटऑफ जारी होने के मद्देनजर सीटों की बहाली को लेकर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की गई।

वहीं, अधिष्ठाता छात्र कल्याण (DSW) डॉ. सूर्य भान सिंह को ज्ञापन सौंपकर विश्वविद्यालय परिसर में व्याप्त मूलभूत एवं शैक्षणिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की गई। अभाविप ने प्रत्येक संकाय में छात्राओं के लिए पिंक टॉयलेट, महिला कॉमन रूम एवं शौचालयों में सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन व डिस्पोजल इंसिनरेटर, नवनिर्मित पुस्तकालय को तत्काल संचालित करने, केंद्रीय पुस्तकालय को 24 घंटे संचालित करने, अध्ययन सीटों की संख्या एवं नवीनतम पाठ्यक्रम के अनुरूप पुस्तकों की उपलब्धता बढ़ाने की मांग की।

इसके साथ ही विश्वविद्यालय में स्वच्छ पेयजल, वाटर कूलरों की नियमित सर्विसिंग, पर्याप्त डस्टबिन एवं शौचालयों की दैनिक सफाई सुनिश्चित करने, विधि, वाणिज्य एवं विज्ञान संकायों में हाइजीनिक कैंटीन की व्यवस्था करने, विज्ञान संकाय के खेल मैदान को विद्यार्थियों के लिए खोलने तथा बंद पड़े छात्रावासों की मरम्मत कर उन्हें शीघ्र पुनः आवंटित करने की मांग भी रखी गई।

अभाविप विश्वविद्यालय इकाई का मत है कि छात्र हितों में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा त्वरित निर्णय नहीं लिया जाता है तो विद्यार्थी परिषद आंदोलन के लिए बाध्य होगी। इस अवसर पर इकाई के अध्यक्ष हिमांशु पांडे ,सौरभ सिंह ,प्रांजल सिंह ,अनन्या ,अर्चना , अमन अनुराग ,आदर्श सहित इकाई के प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Loading

Related posts