प्रधानमंत्री ने याद किया कि मैंने लाल किले से कहा था- यही समय है, सही समय है। हमारे देश के युवाओं के लिए आज का ये समय सबसे ज्यादा अवसरों का समय है। सरकार का प्रयास है कि इस कालखंड का अधिक से अधिक लाभ हमारे युवाओं को मिले। आज पूरी दुनिया युवा भारत के युवाओं की तरफ बहुत भरोसे से देख रही है और दुनिया के इस भरोसे का कारण है- स्किल और संस्कार। उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ के साथ जिस समझौते पर सहमति बनी है… दुनिया उसकी, सभी सौदों की जननी के रूप में प्रशंसा कर रही है। दुनिया के लिए एक गेम-चेंजर डील बताई जा रही है। यह एफटीए आपके लिए प्रेरणा देने की आजादी है।
मोदी ने कहा कि आज देश जिस रिफॉर्म एक्सप्रेस पर सवार है, वो युवा-शक्ति के सामने हर रुकावट को दूर कर रहा है। और देश के सामने बढ़ते ये अवसर, एनसीसी से जुडे़ आप सभी युवाओं में ये संस्कार, ये अनुशासन… आपके लिए तो जैसे ये सोने पर सुहागा है। आपने यहां ऑपरेशन सिंदूर पर शानदार झांकी निकाली है। आपके इन प्रयासों की मैं खासतौर पर सराहना करूंगा। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने भारत के सामर्थ्य को, हमारी सेना के शौर्य को एक बार फिर से स्थापित किया है। ऑपरेशन सिंदूर ने हमें ये दिखाया कि हमारे स्वदेशी हथियार कितने एडवांस और हाइटेक हैं। आज कल के आधुनिक युग में युवा कौशल की भूमिका काफी बढ़ गई है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज लड़ाई कई मोर्चों पर लड़ी जाती है। आज की लड़ाई कोड में भी होती है, cloud में भी होती है। जो देश तकनीक में पीछे हैं… वह अर्थव्यवस्था में ही नहीं, सुरक्षा में भी कमजोर होते हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का अर्थ सिर्फ आर्थिक समृद्धि तक सीमित नहीं है। एक नागरिक के रूप में हमारा आचरण कैसा हो, ये भी विकसित भारत का महत्वपूर्ण पहलू है। एक नागरिक के रूप में हमें अपने कर्तव्य को सबसे ज्यादा प्राथमिकता देनी है।
![]()
