संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) से कीव लौटने से ठीक पहले जेलेंस्की ने न्यूयॉर्क में यह इंटरव्यू दिया है। जब उनसे पूछा गया कि अगर कई महीनों के सीजफायर पर सहमति बन जाती है, तो क्या वह चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध होंगे, तो उन्होंने ‘हां’ में जवाब दिया। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि अगर रूस के साथ संघर्ष समाप्त हो जाता है, तो मैं देश छोड़ने को तैयार हूँ। क्योंकि यह मेरा सपना नहीं, बल्कि एक मजबूरी भरा फैसला है। साथ ही, ज़ेलेंस्की ने ज़ोर देकर कहा कि वह यूक्रेन में शांति स्थापित करने के लिए अपनी पूरी कोशिश जारी रखेंगे। उनके विचार में देश में युद्ध का अंत न केवल राजनीतिक रूप से, बल्कि लोगों की आज़ादी और भविष्य के लिए भी एक निर्णायक कदम है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने विश्व नेताओं से कहा कि दुनिया में मानव इतिहास की सबसे विनाशकारी शस्त्र दौड़ चल रही है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को रूस के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूरोप में अपने युद्ध का विस्तार करना चाहते हैं। संयुक्त राष्ट्र महासभा की उच्च स्तरीय बैठक में जेलेंस्की ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र जैसी कमजोर अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं यूक्रेन, गाजा और सूडान में युद्धों को रोकने में विफल रही हैं और अंतरराष्ट्रीय कानून राष्ट्रों को बचाने के लिए पर्याप्त नहीं है। यूक्रेनी नेता ने कहा कि सिर्फ हथियार और दोस्त ही सुरक्षा की गारंटी देते हैं।
![]()
