सैन्य चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण प्रगति करते हुए, दिल्ली स्थित आर्मी हॉस्पिटल रिसर्च एंड रेफरल (ए.एच.आर.आर) भारत का पहला सरकारी संस्थान और दक्षिण एशिया का दूसरा संस्थान बन गया है, जिसने अत्याधुनिक एलॉय एडेप्टिव कैटरैक्ट ट्रीटमेंट सिस्टम का उपयोग कर रोबोटिक कस्टम लेज़र कैटरैक्ट सर्जरी को सफलतापूर्वक संपन्न किया है। यह उपलब्धि सैन्य अस्पताल के नेत्र विज्ञान विभाग की पहली फेम्टो-सेकंड लेज़र असिस्टेड कैटरैक्ट सर्जरी (फ्लेक्स) के साथ रोबोटिक, ब्लेड-लेस और कंप्यूटर-नियंत्रित नेत्र शल्य चिकित्सा के क्षेत्र में सफल प्रवेश को दर्शाता है।
नवीन तकनीक पर आधारित नेत्र की यह सर्जरी ब्रिगेडियर एस.के. मिश्रा ( पी.वी.एस.एम., ए.वी.एस.एम, एस.एम * * वी.एस.एम ** द्वारा 61 वर्षीय श्रीमती बिरामयी देवी (हवलदार रुपेन्द्र, ए.एच.क्यू प्रोविज़न यूनिट की मां) पर की गई।
मोतियाबिंद जो आंखों के प्राकृतिक लेंस के धुंधलेपन के कारण होता है, दृष्टि हानि का एक सामान्य कारण है। पारंपरिक शल्य चिकित्सा प्रभावी है, लेकिन ‘फ्लेक्स’ इस क्षेत्र में एक बड़ी तकनीकी प्रगति है। फेम्टोसेकंड लेज़र इस शल्य चिकित्सा की सबसे महत्वपूर्ण चरणों — जैसे कॉर्नियल चीरे बनाना, कैप्सुलोटोमी करना और मोतियाबिंद को टुकड़ों में विभाजित करना — को माइक्रॉन स्तर की सटीकता के साथ स्वचालित कर देता है।
आर्मी हॉस्पिटल रिसर्च एंड रेफरल में फ्लेक्स तकनीक का समावेश इस संकल्प को और मजबूत करता है कि लाभार्थियों को सबसे उन्नत, सुरक्षित और प्रभावी चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराया जाये। सैन्य चिकित्सा में सटीकता और सर्वोत्तम परिणाम सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और यह तकनीक ठीक वही उपलब्ध कराती है।
माननीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ( पी.वी.एस.एम.,ए.वी.एस.एम, ए.डी.सी) तथा महानिदेशक सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाएँ, सर्जन वाइस एडमिरल अरति सारिन ( ए.वी.एस.एम, वी.एस.एम) के नेतृत्व में, आर्मी हॉस्पिटल रिसर्च एंड रेफरल का नेत्र विज्ञान विभाग निरंतर उन्नत नेत्र देखभाल प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और क्लीनिकल उत्कृष्टता के क्षेत्र में अग्रणी बना हुआ है।
![]()
