रूस ने यूक्रेन पर भीषण ड्रोन हमला किया जिसमें कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसे वर्ष 2022 में यूक्रेन के खिलाफ छेड़े गए युद्ध के बाद से अब तक किए गए भीषणतम ड्रोन हमलों में से एक माना जा रहा है। यूक्रेन की वायुसेना ने बताया कि रूस ने रात भर में कुल 273 विस्फोटक ड्रोन दागे, जिनमें से 88 को नष्ट कर दिया गया और 128 अन्य संभवतः इलेक्ट्रॉनिक रूप से जाम किए जाने की वजह से बेकार हो गए। कीव के क्षेत्रीय गवर्नर मायकोला कलाश्निक ने बताया कि क्षेत्र पर ड्रोन हमले में एक महिला की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए। शुक्रवार को मॉस्को और कीव के बीच वर्षों बाद हुई पहली सीधी वार्ता के बाद यह हमला हुआ। रूस और यूक्रेन के बीच शुक्रवार को हुई वार्ता में युद्धविराम पर कोई नतीजा नहीं निकला।
रूस राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि परमाणु हथियारों के इस्तेमाल के बिना भी रूस के पास यूक्रेन अभियान को पूरा करने और अपने निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए पर्याप्त बल है। पुतिन ने ‘स्टेट टीवी’ को दिये साक्षात्कार में कहा कि हमें यह गलती (परमाणु हथियारों का इस्तेमाल) करने के लिए मजबूर करने के कई प्रयास किए गए, लेकिन हमारे पास इस विकल्प के बिना भी उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए पर्याप्त बल है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसका उद्देश्य इस संकट के मूल कारणों को समाप्त करना, दीर्घकालिक और स्थायी शांति के लिए परिस्थितियां बनाना तथा रूस को सुरक्षा प्रदान करना है।
![]()
