सपा के पूर्व प्रवक्ता चंद्रभूषण सिंह यादव ने एसएम जोशी को याद करते हुए कहा कि 1928 से लेकर जब उन्होंने सार्वजनिक जीवन में प्रवेश किया, 1989 तक जब उनका देहावसान हुआ, वे राष्ट्रीय जीवन की हर धड़कन के साथ मनसा, वाचा, कर्मणा जुड़े रहे तथा सत्ता के मोह-जाल से सर्वदा अलिप्त रहते हुए जन सामान्य के लिए कार्यरत रहे। एसएम जोशी ऐसे समाजवादी पुरखा थे जो ब्राह्मण परिवार में पैदा हुए लेकिन उससे मिले संस्कारों को उन्होंने अपने चिंतन और कर्म पर हावी होने नहीं दिया। बचपन में पुरशा माम (दामले) को जो उनके यहां नौकर था, उन्होंने बड़े भाई की तरह ही माना। विधवा उमा काकू (गांव की एक स्त्री) को गर्भ ठहरने पर जब सारे समाज ने उसे ठुकराया तो उनका बालमन इस अन्याय से भी पीड़ित हुआ और उन्होंने मां के इस तर्क को भी स्वीकार नहीं किया कि औरत मिट्टी का बर्तन होती है जिसके जूठा हो जाने पर उसे फेंक दिया जाता है जबकि मर्द धातु का बर्तन होता है जिसके जूठा होने पर उसे धोकर इस्तेमाल किया जा सकता है।सामाजिक समता की उनकी प्रतिबद्धता को देखकर ही दलितों के मसीहा डॉ. भीमराव आंबेडकर ने अपनी मृत्यु के तीन दिन पूर्व उन्हें पत्र लिख कर अपनी इच्छा बतायी थी कि सोशलिस्टों और दलितों की एक लोकतांत्रिक पार्टी बननी चाहिए। हम ऐसे समाजवादी महामानव को उनकी जन्म जयंती पर श्रद्धा पूर्वक नमन करते हैं।
उक्त अवसर पर उपस्थित व्यास यादव, रामअशीष यादव, मुस्तकीम, रामप्यारे यादव, नगीना यादव,शंकर गोंड, बेलभद्र गोंड, नारायण प्रसाद, सुभाष प्रसाद, शंकर यादव, संतोष मद्धेशिया, गोविंद यादव, अयोध्या वर्मा, महेश गोंड, अविनाश यादव, अमीन अंसारी आदि ने एसएम जोशी को स्वतंत्रता सेनानी और समाजवादी पुरोधा बताते हुए नमन किया।
![]()
