किसानों को सलाह दी गई है कि वे किस्त जारी होने से पहले अपना लाभार्थी स्टेटस (beneficiary status) चेक कर लें और जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर लें। अधिकारियों के अनुसार, अगर ई-KYC अधूरी है या बैंक खाते के विवरण और जमीन के रिकॉर्ड में कोई गड़बड़ी है, तो भुगतान रुक सकता है। पीएम के एक क्लिक करते ही देश के 9.34 करोड़ किसानों के बैंक खाते में 18,680 से अधिक की राशि का हस्तांतरण होगा। वहीं उत्तर प्रदेश के 2.24 करोड़ से अधिक किसान लाभान्वित होंगे। इनके खाते में डीबीटी के माध्यम से सीधे 4482.19 करोड़ रुपये भेजे जाएंगे। यूपी के किसानों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि के (23वीं किस्त तक) 1,03,461.76 करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं।
प्रतिवर्ष तीन किस्त में दी जाती है छह हजार रुपये की सहायता
शुक्रवार को जारी होने वाली पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त से उत्तर प्रदेश के 2.24 करोड़ किसान लाभान्वित होंगे। इन किसानों के खाते में 4482.19 करोड़ की धनराशि आएगी। योजना की धनराशि डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थी के खाते में हस्तांतरित की जाती है। इसमें पात्र किसान परिवार के एक सदस्य को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता वर्ष में तीन किस्त में प्रदान किए जाने की व्यवस्था है। इसके पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जून 2026 में पश्चिम बंगाल से सम्मान निधि का लाभ किसानों को दिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूपी में 24 फरवरी 2019 को गोरखपुर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत की थी।
भुगतान की स्थिति कैसे जांचें?
वे सभी किसान परिवार, जिनके नाम पर खेती योग्य ज़मीन है, इस योजना के तहत 2,000 रुपये की राशि पाने के पात्र हैं। सरकार का कहना है कि इस योजना का दायरा बढ़ा दिया गया है, ताकि इसमें सभी किसान परिवारों को शामिल किया जा सके, चाहे उनके पास कितनी भी ज़मीन क्यों न हो। लाभार्थी नीचे दिए गए चरणों का पालन करके आधिकारिक PM-KISAN वेबसाइट पर यह जांच सकते हैं कि उनका नाम अंतिम लाभार्थी सूची में है या नहीं, और साथ ही अपना भुगतान स्टेटस भी देख सकते हैं:
चरण 1: आधिकारिक PM किसान पोर्टल pmkisan.gov.in पर जाएं।
चरण 2: होमपेज पर मौजूद ‘फार्मर्स कॉर्नर’ (Farmers Corner) सेक्शन में जाएं।
चरण 3: ‘नो योर स्टेटस’ (Know Your Status) मॉड्यूल पर क्लिक करें।
चरण 4: अपना PM किसान पंजीकरण नंबर और स्क्रीन पर दिख रहा सुरक्षा कैप्चा कोड दर्ज करें।
चरण 5: अपना भुगतान स्टेटस देखने के लिए ‘गेट डेटा’ (Get Data) विकल्प पर क्लिक करें।
![]()
