पटाखों के निर्माण और बिक्री की सूचना पर जांच-पड़ताल तेज, कार्रवाई की तैयारी
रायबरेली। गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के सहजौरा गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अवैध पटाखों के निर्माण और बिक्री की सूचना पर पुलिस टीम ने एक घर में पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस मोहम्मद नफीस के घर पहुंची और मौके की स्थिति को खंगाला।
बताया जा रहा है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सहजौरा गांव में कथित तौर पर अवैध तरीके से पटाखे तैयार किए जा रहे हैं और उन्हें बिक्री के लिए रखा जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए गुरुबख्शगंज पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।पुलिस टीम के गांव पहुंचते ही आसपास के लोगों में भी चर्चा तेज हो गई। टीम ने मौके पर मौजूद सामान और गतिविधियों की जांच की। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पटाखों से संबंधित गतिविधियां नियमों के अनुरूप थीं या नहीं और इसके लिए आवश्यक अनुमति अथवा लाइसेंस मौजूद था या नहीं।पटाखों के अवैध निर्माण और भंडारण को लेकर पुलिस प्रशासन पहले से ही सतर्क है, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ऐसे में सहजौरा गांव में पुलिस की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।फिलहाल पूरे मामले में पुलिस की जांच जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और बरामदगी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की कार्रवाई के बाद गांव में दिनभर मामले को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। वही इस मामले में गुरूबक्शगंज थाना इंचार्ज संजय सिंह को कई बार फोन किया गया लेकिन फोन रिसीव नहीं हो पाया।
![]()
