दिनांक 27 सितंबर 2026 को गाड़ी संख्या 12417 प्रयागराज एक्सप्रेस रात 22:10 बजे प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या-01 से रवाना हुई। गाड़ी के धीरे-धीरे आगे बढ़ने के दौरान महिला यात्री गाड़ी में चढ़ने के प्रयास में गिर गईं। ड्यूटी पर तैनात RPSF स्टाफ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला यात्री को सुरक्षित बचाया।
इसी दौरान गाड़ी में सवार एक अन्य महिला यात्री रामदुलारी, गिरी हुई महिला यात्री को देखने के प्रयास में नीचे गिर गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चेन पुलिंग कर गाड़ी को रोका गया। इसके बाद RPSF स्टाफ ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए महिला यात्री को गाड़ी के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाला। घटना में दोनों महिला यात्रियों की पहचान गीता देवी, पत्नी ओमप्रकाश, उम्र लगभग 45 वर्ष, निवासी काशीपुर, थाना सैफई, जिला इटावा तथा रामदुलारी, पत्नी राजू, उम्र लगभग 60 वर्ष, निवासी उपरोक्त के रूप में हुई। दोनों महिला यात्रियों की जान बचाने में ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत RPSF सेकेंड बटालियन के ASI महेश कुमार हरितवाल, आरक्षक प्रवेश कुमार एवं आरक्षक बसंत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके द्वारा समय पर दिखाई गई तत्परता, सजगता और सूझबूझ के कारण दोनों महिला यात्रियों को सुरक्षित बचाया जा सका। घटना के बाद दोनों महिला यात्रियों ने RPSF जवानों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनकी तत्परता एवं सहायता की सराहना की।
![]()
