प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा किया देश के 75 ‘अमृत भारत स्टेशनों’ का लोकार्पण

भारतीय रेल केवल यात्राओं का माध्यम नहीं, बल्कि देश की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति की जीवनरेखा है। बदलते भारत के साथ हमारे रेलवे स्टेशन भी आज एक नई पहचान गढ़ रहे हैं। वे अब केवल ट्रेनों के ठहराव के स्थान नहीं रह गए हैं, बल्कि किसी भी शहर की विशिष्ट संस्कृति, समृद्ध विरासत और आधुनिक विकास का जीवंत परिचय बन चुके हैं। इसी दूरदर्शी सोच के साथ ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के अंतर्गत देशभर के 1340 रेलवे स्टेशनों का चरणबद्ध पुनर्विकास अत्याधुनिक रूप में किया जा रहा है। इसी क्रम में आज एक ऐतिहासिक मील का पत्थर स्थापित करते हुए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब के जालंधर में आयोजित मुख्य राष्ट्रीय समारोह से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों में पुनर्विकसित किए गए 75 और ‘अमृत भारत स्टेशनों’ का एक साथ भव्य लोकार्पण कर उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए इस देशव्यापी वर्चुअल लोकार्पण में उत्तर मध्य रेलवे के आठ (08) स्टेशनों ने भी आधुनिकीकरण की इस नई श्रृंखला में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। ये स्टेशन अत्याधुनिक अंतरराष्ट्रीय स्तर की यात्री सुविधाओं से सुसज्जित होने के साथ-साथ अपनी स्थानीय सांस्कृतिक पहचान को भी नए व आकर्षक स्वरूप में प्रस्तुत करते हैं। इस गौरवशाली अवसर पर प्रयागराज मंडल के तीन प्रमुख स्टेशनों—विन्ध्याचल, पनकी धाम एवं फतेहपुर रेलवे स्टेशनों सहित झाँसी मंडल के महाराजा छत्रसाल छतरपुर, भिंड, टीकमगढ़, हरपालपुर और राजस्थान के डीग स्टेशनों पर भव्य क्षेत्रीय समारोहों का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय प्रशासन, गणमान्य जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ रेलवे अधिकारी, प्रबुद्ध जन और भारी संख्या में आम नागरिक व श्रद्धालु सम्मिलित हुए।
फतेहपुर रेलवे स्टेशन
फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित गरिमामयी कार्यक्रम में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की माननीय अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथियों में जहानाबाद के माननीय विधायक श्री राजेन्द्र सिंह पटेल जी, अयाह शाह के माननीय विधायक श्री विकास गुप्ता जी, तथा भारतीय जनता पार्टी (BJP) फतेहपुर के माननीय जिलाध्यक्ष श्री अन्नू श्रीवास्तव जी मंच पर विशेष रूप से आसीन रहे।
फतेहपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास लगभग ₹33.10 करोड़ की लागत से किया गया है। दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग का यह अत्यंत महत्वपूर्ण पड़ाव अब एक नए और भव्य स्वरूप में यात्रियों का स्वागत कर रहा है। स्टेशन पर अत्याधुनिक मुख्य भवन, द्वितीय प्रवेश द्वार का निर्माण, विस्तृत पार्किंग जोन, 12 मीटर चौड़ा विशाल फुटओवर ब्रिज तथा उन्नत यात्री सुरक्षा व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं।

पनकी धाम रेलवे स्टेशन
कानपुर के पनकी धाम स्टेशन पर आयोजित भव्य समारोह में कानपुर क्षेत्र के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों का भारी जमावड़ा रहा। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार में महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की माननीय राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्‍ला जी, कानपुर के माननीय लोकसभा सांसद श्री रमेश अवस्थी जी, कानपुर नगर निगम की माननीय महापौर श्रीमती प्रमिला पाण्डेय जी, गोविंदनगर के माननीय विधायक श्री सुरेन्द्र मैथानी जी, माननीय विधान परिषद सदस्य श्री सलिल विश्‍नोई जी, किदवई नगर के माननीय विधायक श्री महेश त्रिवेदी जी, कल्याणपुर की माननीय विधायक श्रीमती नीलिमा कटियार जी, तथा रसूलाबाद की माननीय विधायक श्रीमती पूनम संखवार जी विशिष्ट अतिथि के रूप में मंच पर उपस्थित रहे।
पनकी धाम रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास लगभग ₹24.94 करोड़ की लागत से किया गया है। यहाँ हुआ आधुनिकीकरण धार्मिक आस्था और शहरी औद्योगिक विकास का सुंदर समन्वय प्रस्तुत करता है। स्टेशन पर निर्मित चौड़े प्लेटफॉर्म, आधुनिक सुविधाओं से युक्त वेटिंग हॉल, लिफ्ट, नए फुटओवर ब्रिज और बेहतर सर्कुलेटिंग एरिया श्रद्धालुओं व औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े यात्रियों के यात्रा अनुभव को अधिक सुगम व सहज बनाते हैं।

विन्ध्याचल रेलवे स्टेशन
विन्ध्याचल स्टेशन पर आयोजित विशेष समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के श्री आशीष पटेल जी (माननीय मंत्री, प्राविधिक शिक्षा, उपभोक्ता संरक्षण एवं बाट-माप विभाग) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह के विशिष्ट अतिथियों में मिर्जापुर के श्री श्याम सुन्दर केसरी जी (माननीय अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद, मिर्जापुर), श्री राजू कनौजिया जी (माननीय अध्यक्ष, जिला पंचायत, मिर्जापुर), उत्तर प्रदेश विधान परिषद के माननीय सदस्य श्री लाल बिहारी जी, मड़िहान विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक श्री रमाशंकर सिंह जी, तथा छानबे विधानसभा क्षेत्र की माननीया विधायक श्रीमती रिंकी कोल जी मंच पर विशेष रूप से आसीन रहे। इसके साथ ही श्री राम सकल, पूर्व संसद/राज्य सभा एवं श्री लाल बहादुर सरोज, जिला अध्यक्ष भाजपा ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर पुनर्विकसित स्टेशन का स्वागत किया।
विन्ध्याचल रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास लगभग ₹23.24 करोड़ की लागत से किया गया है। प्रसिद्ध मां विंध्यवासिनी धाम के मुख्य प्रवेश द्वार के रूप में यह स्टेशन अब धार्मिक पर्यटन को नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है। पुनर्विकास के अंतर्गत यहाँ भव्य नया स्टेशन भवन, आधुनिक प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन-अनुकूल विशिष्ट व्यवस्थाएँ तथा स्थानीय विंध्य कला व संस्कृति से प्रेरित वास्तुकला तैयार की गई है, जो इसे अटूट श्रद्धा और आधुनिकता का उत्कृष्ट संगम बनाती है।

डीग रेलवे स्टेशन
राजस्थान के ऐतिहासिक डीग स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के माननीय राज्य मंत्री (गृह विभाग, गोपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग) श्री जवाहर सिंह बैडम जी मुख्य अतिथि रहे। यहाँ विशिष्ट अतिथियों में डीग-कुम्हेर के माननीय विधायक डॉ. शैलेश सिंह जी, भाजपा जिला अध्यक्ष (भरतपुर) श्रीमती शिवानी राहीमा जी तथा क्षेत्र के सम्मानित स्वतंत्रता सेनानी श्री हुकम चंद सैनी जी एवं श्री राम जी लाल जी मंच पर विशेष रूप से आसीन रहे।
डीग रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास लगभग ₹15.24 करोड़ की लागत से किया गया है। राजस्थान की इस ऐतिहासिक महलों व फव्वारों की नगरी का प्रतिनिधित्व करने वाला डीग स्टेशन अब नए स्थापत्य में निखर उठा है। आधुनिक स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्मों का उन्नयन, अत्याधुनिक लिफ्ट, फुटओवर ब्रिज तथा सुनियोजित पार्किंग व्यवस्था से क्षेत्रीय पर्यटन और स्थानीय आवागमन को अभूतपूर्व बढ़ावा मिला है।
भिण्ड रेलवे स्टेशन
भिंड स्टेशन पर माननीय सांसद श्रीमती संध्या राय, विधायक, भिंड श्री नरेंद्र सिंह कुशवाह, नगर पालिका अध्यक्ष, श्रीमती वर्षा वाल्मीकि जी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। सभी उपस्थित गणमान्य जनों ने इस अवसर पर रेलवे प्रशासन के विकास कार्यों की प्रशंसा करते हुए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को देश स्टेशनों के विकास हेतु धन्यवाद दिया ।
भिण्ड रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास लगभग ₹20.03 करोड़ की लागत से किया गया है। चंबल अंचल के यात्रियों के लिए यह पुनर्विकास एक बड़ी सौगात है। स्टेशन पर आकर्षक और आधुनिक फ्रंट फसाड, सर्वसुविधायुक्त उन्नत प्रतीक्षालय, 12 मीटर चौड़ा नया फुटओवर ब्रिज तथा दिव्यांगजनों के लिए बाधारहित सुगम बुनियादी ढांचा तैयार किया गया है, जो इसे पूर्णतः समावेशी बनाता है।

महाराजा छत्रसाल छतरपुर स्टेशन
छतरपुर में आयोजित गरिमामयी कार्यक्रम में भारत सरकार के माननीय केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में छतरपुर की माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विद्या अग्निहोत्री जी, भाजपा जिला अध्यक्ष (छतरपुर) श्री चंद्रभान सिंह गौतम जी, तथा स्वतंत्रता सेनानी परिवार के सम्मानित सदस्य श्री शंकर लाल सोनी जी मंच पर उपस्थित रहे।
महाराजा छत्रसाल छतरपुर स्टेशन का पुनर्विकास लगभग ₹16.78 करोड़ की लागत से किया गया है। बुंदेलखंड की ऐतिहासिक महान विरासत को नई पहचान देते हुए यह स्टेशन क्षेत्रीय वास्तुकला और आधुनिक इंजीनियरिंग का एक आकर्षक उदाहरण बन गया है। नए स्टेशन भवन, लिफ्ट, फुटओवर ब्रिज और आधुनिक पार्किंग ने इसे महाराजा छत्रसाल की इस ऐतिहासिक भूमि के गौरव के सर्वथा अनुरूप स्वरूप प्रदान किया है।
टीकमगढ़ में आयोजित भव्य समारोह में मध्य प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों में मध्य प्रदेश सरकार की माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर जी, माननीय राज्यमंत्री (वन एवं पर्यावरण) श्री दिलीप अहिरवार जी, माननीय विधायक श्री यादवेंद्र सिंह जी, जतारा के माननीय विधायक श्री हरीशंकर खटीक जी, तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उमिता सिंह जी उपस्थित रहीं।
टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन
टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास लगभग ₹16.77 करोड़ की लागत से किया गया है। यह स्टेशन आधुनिक अवसंरचना और पर्यावरणीय सौंदर्य के संतुलित समन्वय का एक अनुपम उदाहरण है। स्टेशन का आकर्षक और नयनाभिराम फसाड, चारों तरफ विकसित हरित व पर्यावरण-अनुकूल परिसर, उन्नत यात्री सुविधाएं और मजबूत बुनियादी ढांचा इसे भविष्य की दीर्घकालिक आवश्यकताओं के अनुरूप पूर्णतः तैयार करते हैं।
हरपालपुर रेलवे स्टेशन
हरपालपुर स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में माननीय राज्यसभा सांसद श्री महेश केवट जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथियों में हरपालपुर के नगर पालिका अध्यक्ष श्री अमित अग्रवाल जी, प्रख्यात साहित्यकार पद्मश्री डॉ. अवध किशोर जड़ियाँ जी, स्वतंत्रता सेनानी परिवार के सम्मानित सदस्य श्री संपन्न गुप्ता जी, छतरपुर के जिला सह-कोषाध्यक्ष श्री अरुण कुमार अग्रवाल (अजय) जी, तथा बक्सवाहा के मंडल प्रभारी श्री महेश राय जी मंच पर विशेष रूप से आसीन रहे।
हरपालपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास लगभग ₹11.74 करोड़ की लागत से किया गया है। दशकों से बुंदेलखंड की रेल संपर्क व्यवस्था का एक रीढ़ माना जाने वाला हरपालपुर स्टेशन अब पूरी तरह से बदल चुका है। यहाँ नए स्टेशन भवन का निर्माण, विस्तारित प्लेटफॉर्म शेल्टर, उन्नत प्रकाश व्यवस्था और आधुनिक यात्री सुविधाएं इसे क्षेत्र के नागरिकों के लिए अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाती हैं।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चो द्वारा विविध रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किये गए जो देश प्रेम की भावना से ओतप्रोत थेl सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उच्च स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को इस कार्यक्रम में पुरुस्कृत भी किया गयाl इसी क्रम में कार्यक्रम से पूर्व आयोजित विभिन्न प्रतियोगताओं के विजेताओं को गणमान्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम के अवसर मुख्यालय एवं मंडल के अधिकारी एवं कर्मचारी, प्रेस एवं मीडिया के प्रतिनिधिगण, रेल उपयोगकर्तागण, नागरिकगण एवं रेलकर्मी बन्‍धुओं की उपस्थिति रहीl

 

Loading

Related posts