पूर्वोत्तर रेलवे में ‘ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह‘ के अंतर्गत ‘जल संरक्षण अभियान‘ आयोजित

गोरखपुर, 03 नवम्बर, 2026ः रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार पूर्वोत्तर रेलवे में 01 से 07 नवम्बर, 2026 तक ‘मिशन
लाइफ‘ पहल के अंतर्गत ‘ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह‘ का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में, प्रमुख मुख्य
इंजीनियर श्री तुषार कान्त पाण्डेय के नेतृत्व में प्रमुख मुख्य इंजीनियर कार्यालय, गोरखपुर में 03 नवम्बर, 2026 को
विशेष ‘जल संरक्षण अभियान‘ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर इंजीनियरिंग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी,
पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
इस अभियान के तहत उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जल संरक्षण एवं दैनिक जीवन में जल के
विवेकपूर्ण उपयोग की शपथ ली। शपथ के दौरान जल की बर्बादी को रोकने, जल स्रोतों को स्वच्छ रखने तथा नलों
एवं पाइपलाइनों में लीकेज की सूचना तत्काल देने जैसे व्यावहारिक उपायों को अपनाने पर विशेष जोर दिया गया।
यह अभियान मुख्यालय, गोरखपुर के विभिन्न कार्यालयों एवं प्रतिष्ठानों में एक साथ आयोजित किया गया, जिसमें रेल
कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की। इस दौरान रेल कर्मचारियों को जल के विवेकपूर्ण उपयोग तथा जल संरक्षण
को दैनिक कार्य प्रणाली का अभिन्न अंग बनाने के प्रति जागरूक किया गया। इस पहल का उद्देश्य रेल कर्मचारियों में
पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण हेतु सामूहिक जिम्मेदारी की भावना
विकसित करना है। इस प्रकार के अभियानों के माध्यम से पूर्वोत्तर रेलवे पर्यावरण अनुकूल एवं सतत विकास की
दिशा में अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर सुदृढ़ कर रहा है।
इस अभियान का संदेश यह है कि ‘‘जल की प्रत्येक बूंद महत्वपूर्ण है और उसका संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है।‘‘

Loading

Related posts