किरदारों से सीख की बात करते-करते रावण पर बोलीं Sai Pallavi, हो गया विवाद

रावण पूरी तरह बुरा नहीं था’, साई पल्लवी के इस बयान ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। रणबीर कपूर, यश और नमित मल्होत्रा के साथ लॉस एंजिल्स में फिल्म ‘रामायण’ के भव्य प्रीमियर में पहुंचीं साई पल्लवी ने फिल्म के किरदारों से मिलने वाली सीख पर बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि रामायण के पात्र हमें अपने भीतर की अच्छाई और बुराई को पहचानने का मौका देते हैं। हालांकि, रावण को लेकर कही गई उनकी एक बात अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है।

फिल्म के प्रीमियर के दौरान साई पल्लवी ने कहा कि रामायण सिर्फ एक कहानी नहीं है, बल्कि यह हमें अपने कामों और फैसलों के बारे में सोचने की सीख भी देती है। उनके मुताबिक, अगर कोई रामायण को धार्मिक ग्रंथ के तौर पर देखता है, तो इसके किरदार उसे अपने अंदर मौजूद अच्छाई और बुराई को समझने में मदद कर सकते हैं।

साई पल्लवी ने कहा कि “रावण पूरी तरह बुरा नहीं था।” उन्होंने यह भी कहा कि अपने भीतर मौजूद बुराइयों को पहचानना और समय के साथ खुद में बदलाव करना जरूरी है। साई के इसी बयान के एक हिस्से ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा और इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।

कुछ लोगों ने कहा कि रावण को लेकर अलग-अलग समुदायों की अपनी-अपनी मान्यताएं हैं। वहीं, कुछ यूजर्स का कहना था कि गलत रास्ते पर उठाया गया एक कदम भी इंसान के अच्छे कामों पर भारी पड़ सकता है। इस तरह साई पल्लवी के बयान को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग राय देखने को मिल रही है।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का भव्य प्रीमियर लॉस एंजिल्स में आयोजित किया गया, जहां साई पल्लवी ने फिल्म के शानदार दृश्य प्रभावों और भारतीय संस्कृति को दुनियाभर तक पहुंचाने को लेकर भी बात की।

यह फिल्म 5 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। वहीं, साई पल्लवी ने ‘रामायण 2’ को लेकर भी जानकारी दी। एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने अभी तक फिल्म के दूसरे भाग की शूटिंग शुरू नहीं की है।

Loading

Related posts